शादी की खुशियां मातम में बदलीं! दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ही परिवार के तीन लोगों की ली जान, चालक फरार
गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर स्कॉर्पियो की टक्कर से पति-पत्नी और उनके जवान बेटे की मौत हो गई। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
1 / 1गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका 21 वर्षीय बेटा शामिल है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे तीनों
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के बागू के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुआ।
मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र के धेगांव निवासी हरलाल (55), उनकी पत्नी गुड्डो (50) और बेटा तेजवीर (21) तीन दिन पहले गाजियाबाद में अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे।
21 नवंबर को रिश्तेदार की बेटी की शादी हुई थी। सोमवार को तीनों को पलवल जाने के लिए ईएमयू ट्रेन पकड़नी थी। इसी सिलसिले में वे रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी जोरदार टक्कर बताया जा रहा है कि बागू के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पार करते समय मेरठ से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गाड़ी छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से शादी वाले घर में चीख-पुकार मची हुई है। इस हादसे ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।